कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की 28 जनवरी को देहरादून रैली में प्रदेशभर से पार्टी कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से भी इसमें बढ़चढ़कर सहयोग करने को कहा गया है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने इस संबंध में जिलों के प्रभारी नियुक्त किए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की देहरादून रैली 28 को रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल के मैदान में होगी। रैली की तैयारी के संबंध में सोमवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा एवं प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की उपस्थिति में वर्चुअल बैठक हुई।

उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से ही चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से दो राष्ट्रीय दलों भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा है। गैर भाजपा दलों में बसपा का जनाधार मजबूत भले ही रहा है, लेकिन उसका दायरा क्षेत्र विशेष से आगे नहीं बढ़ पाया। राष्ट्रीय स्तर पर आईएनडीआई गठबंधन में कांग्रेस सम्मिलित तो है, लेकिन उत्तराखंड में सहयोगी दलों की तुलना में सभी पांचों संसदीय सीटों पर उसकी स्थिति अपेक्षाकृत काफी मजबूत है। यद्यपि भाजपा ने जिस प्रकार पिछले दो लोकसभा चुनाव में इन सभी सीटों पर कांग्रेस को पटखनी दी, उससे इस प्रमुख प्रतिपक्षी पार्टी ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है।

प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली में बूथ स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने विचार रखे। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि बैठक में प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य, प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य एवं पार्टी के आनुषंगिक संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के प्रदेश अध्यक्ष सम्मिलित हुए। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र के मूल्यों का हनन करने पर तुली हुई है। राहुल गांधी की असोम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान उन पर किया गया हमला लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं कहा जा सकता है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version