उत्तराखंड के चार जिलों में रविवार को भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिले के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि, अन्य जिलों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 17 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 18 जुलाई को प्रदेशभर में ऑरेंज अलर्ट है। जबकि, 19 जुलाई के लिए सभी जिलों में बारिश का येलो अलर्ट है।

मसूरी में बीते शनिवार शाम से लगातार बारिश जारी है। गोपेश्‍वर में भी रात्रि से बारिश सुबह तक जारी रही। बदरीनाथ हाईवे छिनका , पीपलकोटी, पागलनाला, बेनाकुली, खचड़ानाला में मलबा आने से रात्रि से ही बंद है। रविवार सुबह से हाईवे खोलने का काम जारी है। लगभग 1000 यात्री जगह-जगह हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे हैं। रातभर बारिश से नदियों में भी पानी बढ़ा है। पौड़ी सहित इससे सटे क्षेत्रों में रात्रि बारिश के बाद रविवार की सुबह बादल छाए हैं। जनपद में वर्षा से जगह-जगह आए मलबे से एक राज्य मार्ग सहित 44 मोटर मार्ग बाधित हैं, जबकि नौ गांव में बिजली आपूर्ति ठप है।

केदारनाथ को जाने वाला गौरीकुंड हाईवे तरसाली में अवरुद्ध चल रहा है। बदरीनाथ हाईवे पर यातायात सुचारू है। केदारनाथ में मौसम साफ है और यात्रा जारी। रुद्रप्रयाग जनपद में हल्के बादल छाए हुए हैं। सीमांत जनपद उत्तरकाशी में शनिवार रात को वर्षा हुई है। जिसके कारण गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हुए हैं। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग मनेरी की पास अवरुद्ध हुआ है। जबकि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डाबरकोट और रानाचट्टी के पास अवरुद्ध है। राष्ट्रीय राजमार्ग को सुचारू करने का कार्य चल रहा है। वर्तमान में हल्के बादल छाए हुए हैं।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version