दक्षिण कोरिया में आयोजित 15वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में पिथौरागढ़ की बेटी यशस्वी जोशी ने स्वर्ण पदक जीतकर सीमांत जनपद के साथ ही पूरे देश को गौरवांवित किया है। यशस्वी की इस उपलब्धि पर सीमांत जनपद में खुशी की लहर है। दक्षिण कोरिया में नौ से 15 नवंबर तक एशियन शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था, जिसमें दस मीटर पिस्टल में पिथौरागढ़ की यशस्वी ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल जीता। यशस्वी बचपन से ही अपने पिता मनोज जोशी से शूटिंग का प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पूर्व भी वह कई राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं।

यशस्वी के पिता और कोच मनोज जोशी को भी इसका श्रेय जाता है, जिन्होंने बेटी के हुनर को तराशने में कोई कमी नहीं छोड़ी। मनोज जोशी जिला मुख्यालय के नजदीक चंडाक क्षेत्र में शूटिंग एकेडमी चलाते हैं, जहां यशस्वी के साथ क्षेत्र के अन्य बच्चे भी अपने टैलेंट को निखार रहे हैं। यशस्वी ने 11 साल की उम्र से ही इस खेल में ट्रेनिंग लेनी शुरू कर दी थी। वो जूनियर और यूथ कैटेगरी में कई पुरस्कार हासिल कर चुकी हैं। राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक भी जीता है।

यशस्वी स्थानीय सोरवैली पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत है। विद्यालय की निदेशक डॉ उमा पाठक ने यशस्वी जोशी को देश का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र, उत्तराखंड व पिथौरागढ़ जनपद का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय पहुंचने पर यशस्वी का जोरदार स्वागत किया जाएगा। प्रधानाचार्या लीलावती जोशी ने विद्यालय के अन्य बच्चों से यशस्वी से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। यशस्वी की इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्तकर्ता शिक्षक राजेश मोहन उप्रेती, शिक्षिका उषा उप्रेती आदि ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। यशस्वी की इस कामयबी पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी खुशी जताई है और बेटी को शाबाशी दी है। सीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा कि

यशस्वी भवः”

पिथौरागढ़ की यशस्वी जोशी जी को दक्षिण कोरिया में आयोजित एशियन एयरगन शूटिंग चैंपियनशिप की 10 मी.एयर पिस्टल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version