प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा का क्रम सोमवार को भी जारी रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक अधिकांश पर्वतीय जिलों में वर्षा की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
सोमवार को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के साथ ही टिहरी, चमोली व रुद्रप्रयाग जिले में वर्षा हुई। वहीं, हेमकुंड साहिब में बर्फबारी के कारण यात्रा को रोकना पड़ा। जिन पर्वतीय जिलों में बारिश हुई, वहां का अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री गिर गया है।

दूसरी तरफ, मैदानी जिलों देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में हल्के बादलों के बीच दिनभर धूप खिली रही। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 29.5 मिलीमीटर वर्षा पौड़ी जिले के यमकेश्वर में दर्ज की गई।
वहीं, ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में सबसे कम 14.2 मिलीमीटर वर्षा हुई है। देहरादून और मसूरी में रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे से देर रात दो बजे तक रिमझिम वर्षा हुई।

इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कुमाऊं मंडल में मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे गिरने से दिन में भी ठंड का एहसास हुआ।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version