रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र के पुहाना स्थित एक फैक्टरी में खोदाई के दौरान करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे मजदूर को किसी तरह रस्सी के सहारे बाहर खींचकर बचाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और परिजनों को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार पुहाना में एक्सा नाम की फैक्टरी में ग्लूकोज बनाया जाता है। फैक्टरी में निर्माण कार्य चल रहा है। लोहे के सरियों का जाल डालने के लिए करीब 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। इस गड्ढे की चौड़ाई काफी कम थी। यहां काम करते समय रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे एक मजदूर अचानक गड्ढे में गिर गया। उसके गड्ढे में गिरते ही एक दूसरा मजदूर भी उसे बचाने के लिए कूद गया। काफी आवाज देने के बाद भी जब गड्ढे से किसी की आवाज नहीं आई तो तीसरा मजदूर भी कूद गया। इस दौरान मौके पर मजदूरों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

आनन फानन मजदूरों ने रस्सी नीचे डालकर किसी तरह तीसरे मजदूर को बाहर निकाल लिया लेकिन दो मजदूरों को नहीं बचाया जा सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक दोनों मजदूर दम तोड़ चुके थे। भगवानपुर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि कंपनी में निर्माण के लिए करीब 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। उसकी चौड़ाई कम थी। उसमें गिरने से सुकरुद्दीन (37) और सैफनुलहक (34) निवासी करमिलापुर छरामरी बैजनाथपुर जिला कटिहार, बिहार हाल निवासी पुहाना भगवानपुर की मौत हो गई। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version