ऋषिकेश में परमार्थ निकेतन आश्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन को लेकर वीआईपी ड्यूटी पर आए 19 पुलिस कर्मियों और कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन फानन सभी पुलिसकर्मियों को अपने जिलों में वापस भेज दिया गया। सभी को अगले 14 दिन तक होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। बीते शनिवार को वीआईपी ड्यूटी से पूर्व परमार्थ निकेतन आश्रम में चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, टिहरी और पौड़ी के 400 पुलिसकर्मी और विभागीय कर्मचारियों की कोरोना जांच कराई गई थी।

रविवार सुबह इनमें 19 पुलिस जवान और कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिले। सात लोगों की आरटीपीसीआर और 12 कर्मचारियों की एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। गनीमत यह रही कि इनमें से कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी पर नहीं पहुंचा था। यमकेश्वर ब्लॉक के कोविड नोडल अधिकारी डा. राजीव कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमितों में चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून और पौड़ी जनपद के पुलिसकर्मी और कर्मचारी शामिल हैं। विभाग ने संक्रमित कर्मचारियों को ड्यूटी से वापस भेज दिया। सभी जवान और कर्मचारी अगले 14 दिनों तक होम आइसोलेशन में रहेंगे।

कोरोना संक्रमित पुलिसकर्मियों के संपर्क में आए कई पुलिसकर्मी और आश्रम के कर्मचारी राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान मौजूद थे। ऐसे में अगर कोई पुलिसकर्मी या कर्मचारी संक्रमित पाया जाता है तो बड़े स्तर पर संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। कार्यक्रम में राज्यपाल, कैबिनेट मंत्री, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि, वीआईपी ड्यूटी के लिए आए ये पुलिसकर्मी और कर्मचारी अन्य कर्मचारियों, परमार्थ आश्रम के कर्मचारियों और स्वर्गाश्रम बाजार के दुकानदारों समेत अन्य लोगों के संपर्क में आए थे। स्वास्थ्य विभाग इनके संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार कर रहा है। इन सभी की कोरोना जांच कराई जाएगी।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version